काशी विश्वनाथ कॉरिडोर के बाद पहली देव दिवाली: 10 लाख दीये जलाने की तैयारी शुरू; घाटों पर उमड़ी भीड़ देव दीपावली के लिए बाबा विश्वनाथ की नगरी काशी सज चुकी है। शाम सवा 5 बजे के बाद घाटों पर 10 लाख दीप जलाए जाएंगे। हालांकि, पूरे शहर में 21 लाख दीये जलाए जाएंगे। इस मौके का साक्षी बनने के लिए कई राज्यों से लोग आए हैं। इसके चलते घाटों पर जबरदस्त भीड़ है।
साथ ही श्री काशी विश्वनाथ मंदिर को 50 टन फूलों सजाया गया है। ये फूल 7 दिन तक ताजे जैसे रहेंगे। श्री काशी विश्वनाथ कॉरिडोर के लोकार्पण के बाद यह पहली देव दीपावली है। कमिश्नर कौशल राज शर्मा ने बताया कि शंघाई सहयोग संगठन (SCO) देशों से रूस के एक और किर्गिस्तान के दो सदस्य देव दीपावली में मेहमान हैं।
आइए देखते देव दीवापली की भव्यता की तस्वीरें…

चंद्र ग्रहण के चलते एक दिन पहले मनाई जा रही देव दिवाली देव दीपावली का पर्व कार्तिक पूर्णिमा के दिन मनाया जाता है। मगर, इस बार कार्तिक पूर्णिमा यानी मंगलवार को चंद्र ग्रहण होने के कारण ज्योतिषाचार्यों और विद्वानों की सलाह पर देव दीपावली एक दिन पहले ही मनाई जा रही है। आज शाम 8 लाख दीये गंगा के पश्चिमी तट पर स्थित 85 से ज्यादा घाटों पर और पूर्वी तट पर रेत पर भी 2 लाख दीये जलाए जाएंगे।
• अब देखते है कल रात की सजावट और सीएम योगी का दौरा
होटल से लेकर क्रूज तक सब हाउसफुल
देव दीपावली पर होटल, गेस्ट हाउस, नाव, बजरा, बोट और क्रूज की पहले से ही बुकिंग हो चुकी है। चेतसिंह घाट पर इस बार 3-डी प्रोजेक्शन मैपिंग लेजर शो होगा। वहीं, गंगा की गोद में शिव भजनों का लेजर और लाइट मल्टीमीडिया शो होगा। पर्यटक ग्रीन पटाखों की आतिशबाजी का आनंद भी ले सकेंगे।
प्रशासन ने की है पुख्ता व्यवस्था
• प्राइवेट ड्रोन को उड़ाने पर पूरी तरह रोक लगाई गई है।
• जिले की सीमा पर भी फोर्स लगाई गई है। इसके अलावा पर्याप्त संख्या में पुलिस और पीएएसी की तैनाती की गई है।
• गंगा नदी में NDRF और SDRF की टीमों को मुस्तैद किया गया है।
• पर्यटकों की बड़ी संख्या देखते हुए अस्पतालों में बेड रिजर्व करके चिकित्सकों की टीम को अलर्ट रखा गया है।
• नाविकों को निर्धारित पर्यटकों को बैठाने और लाइफ जैकेट पहनने की हिदायत दी गई है।
• श्रद्धालुओं व पर्यटकों की भारी भीड़ के अनुमान से ट्रैफिक डायवर्जन और पार्किंग सुनिश्चित की गई है।
• पुलिस ड्रोन कैमरे के जरिए निगरानी करेगी।
• सरकारी इमारतों, सभी चौराहों और खंभों पर स्पायरल तिरंगा एलईडी लाइटिंग लगाई गई है।
• एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन, बस स्टेशन पर उतरने वाले यात्रियों का स्वागत किया जाएगा।
• रंगोली, फसाड लाइट और बिजली की लड़ियों से शहर भर में सजावट की गई है।
• वाराणसी के गौदोलिया चौराहे को चारों ओर से लॉक कर दिया गया है।
शहर में 6 जगह होगा लाइव प्रसारण
• देव दीपावली पर घाटों की आरती और सजावट शहर के कई स्थानों से लाइव देखी जा सकेगी।
• इसके लिए 6 प्रमुख स्थानों पर एलईडी स्क्रीन की व्यवस्था की है। श्रद्धालुओं के लिए रियल टाइम आरती देखने के लिए हाई रिजॉल्यूशन कैमरे लगाए गए हैं।
• एलईडी स्क्रीन अस्सी घाट, दशाश्वमेध घाट, राजेंद्र प्रसाद घाट, राजघाट, गोदौलिया मल्टी लेवल पार्किंग और कैंट स्टेशन पर लगाई गई हैं।
• लाइव तस्वीरों के साथ लोग महाआरती के समय भजन और घंटा घड़ियालों की आवाज भी सुन – सकेंगे।

काशी की विभूतियों को किया जाएगा
याद देव दीपावली समितियों ने भी दीपावली की तैयारी में कोई कसर नहीं छोड़ी है। योगी सरकार इनकी पूरी मदद कर रही है। समितियों ने निर्णय लिया है कि काशी से जुड़े महान सपूतों को पहला दीप अर्पित करेंगे। अस्सी घाट पर महामना मदन मोहन मालवीय, तुलसी घाट पर गोस्वामी तुलसीदास, हरिश्चंद्र घाट पर डोम राजा, सिंधिया घाट पर तैलंग स्वामी और स्वामी विवेकानंद जैसी विभूतियों के चित्र लगाए जाएंगे।