गुजरात में भाजपा को लीड, पर हार्दिक पिछड़े: जामनगर में भाजपा की रीवाबा को फिर बढ़त, अहमदाबाद से CM भूपेंद्र पटेल भी आगे गुजरात में 182 सीटों पर वोटों की गिनती शुरू हो गई है। बड़ी सीटों में जामनगर से भाजपा की रीवाबा ने दोबारा बढ़त बना ली है। इससे पहले वे पिछड़ गई थीं। अहमदाबाद से CM भूपेंद्र पटेल आगे चल रहे हैं। वीरमगाम से भाजपा के हार्दिक पटेल पीछे चल रहे हैं। रुझानों में भाजपा 139 और कांग्रेस 35 सीटों पर आगे है। उधर, आम आदमी पार्टी 7 सीटों पर बढ़त लिए हुए है।
गुजरात में सुबह 8 बजे से पहले आधे घंटे में पोस्टल बैलेट्स की गिनती की गई। इसके बाद EVM से काउंटिंग शुरू हुई। राज्य में इस बार दोनों फेज में 64.3% वोटिंग हुई। यह पिछली बार के 69.2% से करीब 5% कम है। बीते पांच में से तीन चुनाव में वोट प्रतिशत गिरने पर भाजपा को नुकसान और कांग्रेस को फायदा हुआ है। हालांकि, 2012 के चुनाव में वोटिंग 13% बढ़ने के बावजूद भाजपा को दो सीटों का घाटा हुआ था।

अपडेट्स…
• वीरमगाम में हार्दिक पटेल AAP के अमर सिंह ठाकोर से पीछे चल रहे हैं। इससे पहले उन्होंने दावा किया था कि भाजपा 135 से 145 सीटे जीतेगी।
• मोरबी में भाजपा के कांतिलाल अमृतिया आगे चल रहे हैं। वे ब्रिज हादसे के समय लोगों को बचाने के लिए मच्छू नदी में कूदे थे। जिले की तीनों सीटों मोरबी, टंकारा और वांकानेर पर भाजपा आगे है।
• भावनगर (पश्चिम) से राज्य के शिक्षामंत्री जीतू वाघाणी पीछे चल रहे हैं।
• खंभालिया सीट पर AAP के CM कैंडिडेट इशुदान गढ़वी ने बढ़त बना ली है। यहां भाजपा दूसरे स्थान पर पहुंच गई है। सूरत के कतारगाम से AAP के गोपाल इटालिया आगे चल रहे हैं। वहां भाजपा-कांग्रेस और AAP के बीच त्रिकोणीय मुकाबला है।
• मजुरा से गुजरात के गृह मंत्री हर्ष संधवी आगे हैं। यहां फिलहाल दूसरे नंबर पर कांग्रेस कैंडिडेट है।
• कुतियाणा में लेडी डॉन के बेटे कांधल जडेजा आगे चल रहे हैं। वे निर्दलीय चुनाव लड़ रहे हैं।

पोल में भाजपा की जीत
गुजरात में सेकेंड फेज की वोटिंग के बाद भास्कर के गुजराती ऐप ‘दिव्य भास्कर’ ने एग्जिट पोल किया था। इस पोल में भास्कर के 100 पत्रकारों के अलावा तहसील और जिलों के पांच-पांच पत्रकारों-विशेषज्ञों-राजनीतिक कार्यकर्ताओं ने 182 सीटों पर हार-जीत को लेकर बात की । दिव्य भास्कर के इस पोल के मुताबिक भाजपा कांग्रेस से करीब दोगुनी सीटें जीतती नजर आ रही है।
गुजरात की 8 हॉट सीट, इनमें मोदी-शाह और रीवाबा की सीटें 1. जामनगर नॉर्थ से भाजपा की रीवाबा आगे:
यहां क्रिकेटर रवींद्र जडेजा की पत्नी रीवाबा भाजपा के टिकट पर मैदान में हैं। कांग्रेस से दिग्गज नेता बिपेंद्र सिंह जडेजा और AAP ने कर्सन करमोर चुनाव लड़ रहे हैं। खास बात यह है कि रीवाबा की ननद नयनाबा उनके खिलाफ प्रचार कर रही थीं । वे जामनगर जिला कांग्रेस की महामंत्री हैं। रीवाबा के ससुर अनिरुद्ध जडेजा भी कांग्रेस कैंडिडेट के समर्थन में ही प्रचार कर रहे थे।
2. मणिनगर ( अहमदाबाद): राजकोट-पश्चिम से नरेंद्र मोदी ने 2002 में अपना पहला चुनाव लड़ा था। इसके बाद 2007 और 2012 के चुनाव उन्होंने अहमदाबाद की मणिनगर की सीट से जीते। इस सीट पर पिछले 8 चुनाव से भाजपा का कब्दा है। पार्टी ने यहां से अमूल भट्टको टिकट दिया है। AAP ने विपुलभाई पटेल और कांग्रेस ने सीएम राजपूत को मैदान में उतारा है।
3. नारणपुरा (अहमदाबाद ) : अहमदाबाद की नारणपुरा विधानसभा सीट 2008 में हुए परिसीमन के बाद 2012 में अस्तित्व में आई। पहली बार यहां से अमित शाह ने बड़ी जीत दर्ज की थी। इसके बाद 2017 में बीजेपी के कौशिकभाई पटेल ने यह सीट जीती। इस बार भाजपा ने जितेंद्र भाई पटेल को उतारा है। कांग्रेस से सोनल पटेल और AAP से पंकज पटेल मैदान में हैं।
4. घाटलोडिया (अहमदाबाद): गुजरात को दो मुख्यमंत्री (भूपेंद्र पटेल और आनंदीबेन पटेल) देने वाली घाटलोदिया सीट से इस बार राज्य के CM भूपेंद्र पटेल मैदान में हैं। पाटीदार वोटर्स के असर वाली इस सीट पर कांग्रेस ने राज्यसभा सांसद अमी बेन याग्निक को टिकट दिया है। AAP से विजय पटेल चुनाव लड़ रहे हैं।