पटना में पार्किंग विवाद में 2 मौतों के बाद हिंसा: आरोपी के गोदाम मैरिज हॉल में आग लगाई, पथराव के बाद पुलिस ने फायरिंग की पटना के फतुहा ‘के जेठुली गांव में पार्किंग विवाद में दो लोगों की मौत के बाद दूसरी दिन भी हिंसा जारी है। सोमवार सुबह से फिर उपद्रव हो रहा है। सुबह-सुबह मुख्य आरोपी बच्चा राय के भाई उमेश राय के घर, गोदाम और मैरिज हॉल में पीड़ित गुट ने आग लगा दी।
दोपहर साढ़े बारह बजे अंतिम संस्कार करके लौट रही भीड़ ने पुलिस पर फिर पथराव कर दिया। पुलिस ने चार राउंड हवाई फायरिंग की। इलाके में तनाव बना हुआ है।
रविवार दो गुटों – बच्चा राय और चनारिक राय, में झड़प के दौरान राइफल, देसी कट्टा और 9mm के पिस्टल से 50 राउंड फायरिंग हुई थी। गोली लगने से चनारिक गुट के दो लोगों की मौत हो गई थी । चनारिक राय समेत तीन लोग बुरी तरह से घायल हो गए थे।
सबसे पहले फतुहा से आई सुबह की तस्वीरें देखिए

यहां से शुरू हुआ विवाद
बच्चा राय और चनारिक राय के बीच विवाद जिम की छह कट्ठे जमीन को लेकर चल रहा था। जमीन सड़क के किनारे है। कीमत करीब 3 करोड़ है। जमीन पर दोनों गुट दावा जता रहे हैं। फिलहाल इस पर बच्चा का कब्जा है। रविवार बच्चा राय ने जिम के पास गिट्टी गिराई थी। दोपहर करीब डेढ़ बजे चनारिक वहां पहुंचा और गाड़ी पार्क करने लगा। यहां बच्चा और चनारिक में बहस और हाथापाई हुई। थोड़ी देर में ही बच्चा के समर्थक हथियार के साथ पहुंचे और फायरिंग करने लगे। इसमें चनारिक समेत 5 लोगों को गोली लगी।
परिवार और आसपास के लोग पांचों को अस्पताल ले गए। अस्पताल में 25 साल के गौतम की मौत हो गई। करीब एक घंटे बाद 18 साल के रोशन की भी मौत हो गई। लोगों ने बच्चा राय के मैरिज हॉल और उसके भाई के घर में आग लगा दी। मौके पर पहुंची पुलिस पर पथराव कर दिया। पुलिस ने महिलाओं और बच्चों को घर से निकाला। तीन घंटे बाद आग पर काबू पाया गया।
इस मामले में पुलिस ने मुखिया पति बच्चा राय, उसके भाई उमेश राय समेत 8 लोगों को गिरफ्तार कर लिया।
अब रविवार को मचे बवाल की कुछ तस्वीरें देखिए…

पीड़ित परिवार का अंतिम संस्कार से इनकार
चनारिक राय के परिवार ने सुबह शवों का अंतिम संस्कार करने के इनकार कर दिया। परिवार का कहना है कि जब तक मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव नहीं आते हैं, तब तक लाशें यहीं पड़ी रहेंगी। इधर, उग्र भीड़ ने सुबह – सुबह मुख्य आरोपी बच्चा राय के भाई उमेश राय के घर, गोदाम पर हमला करके आग लगा दिया। बच्चा यादव के मैरिज हॉल को भी दोबारा आग के हवाले कर दिया।
चनारिक परिवार के सदस्य दोपहर करीब 12 बजे गौतम के शव के अंतिम संस्कार के लिए राजी हो गए। अंतिम संस्कार करके लौट रही भीड़ ने फिर पुलिस पर पथराव कर दिया। उग्र भीड़ को भगाने के लिए पुलिस ने चार राउंड हवाई फायरिंग की।
पहले भी हो चुकी है फायरिंग
जमीन को लेकर पहले भी दोनों गुटों में भिड़ंत और गोलीबारी हुई है। गोलीबारी की घटना में एक बार चनारिक की राइफल पुलिस ने जब्त की थी। दोनों गुटों के बीच राजनीतिक रंजिश भी थी। बीते पंचायत चुनाव के दौरान भी विवाद हुआ था। बच्चा राय का भाई उमेश राय पटना साहिब लोकसभा से सपा के टिकट पर चुनाव लड़ चुका है। दूसरा भाई सत्येंद्र जदयू व्यवसायी प्रकोष्ठ के प्रदेश सचिव है। गाड़ी पार्किंग एक बहाना था । बच्चा राय की ओर से पहले से तैयारी थी। बच्चा के समर्थक हथियार के साथ फौरन पहुंच गए, जबकि चनारिक के लोग लाठी-डंडे लेकर पहुंचे थे।