शादी में रसमलाई खाते ही 70 मेहमान बीमार: 40 अस्पताल में भर्ती;

104

शादी में रसमलाई खाते ही 70 मेहमान बीमार: पेट दर्द-उल्टियां होनी लगीं, 40 अस्पताल में भर्ती; गोरखपुर में बिना शादी विदा हुई दुल्हन गोरखपुर में रविवार रात एक शादी समारोह के नाश्ते के दौरान 70 मेहमानों की तबीयत बिगड़ गई। शादी में पहुंचे ही नाश्ते में उन्होंने रसमलाई खाई थी। इसे खाते ही मेहमानों के पेट में दर्द शुरू हो गया और उल्टियां होनी लगीं। मेहमानों की हालत बिगड़ी तो उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया। घटना पिपराइच इलाके के गोदावरी मैरिज हाल में आयोजित शादी की है। मामला इतना बिगड़ गया कि बिना शादी की रस्मों के ही दुल्हन को विदा कर दिया गया।

घटना के बाद 12 एम्बुलेंस के जरिए बीमारों को CHC पिपराइच, जिला अस्पताल और BRD मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। देर रात तक करीब 40 मेहमानों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। जबकि, बाकी का घर पर ही इलाज चल रहा है।

लड़के वालों ने ऑर्डर देकर बनवाई थी रसमलाई

पिपराइच के गोपालपुर गोदावरी मैरिज हाल में रविवारको बनकटिया के रहने वाले अशोक श्रीवास्तव के बेटेअमित श्रीवास्तव की बारात आई थी। अमित की शादीराम अचल श्रीवास्तव की बेटी मोनी श्रीवास्तव से तय थी। मेहमानों के मुताबिक, बारात में खाने-पीने के सभी इंतजाम लड़के वालों की तरफ से किए गए थे। लड़के वालों ने ही ऑर्डर देकर रसमलाई बनवाकर मंगवाई थी। शाम 7 बजे मैरिज हाल पर बारात पहुंची। बारात अंदर जाते ही मेहमानों ने नाश्ता शुरू कर दिया। नाश्ते में ही उनके लिए रसमलाई भी थी ।

40 से ज्यादा की हालत बिगड़ी, इलाज जारी

बीमार मेहमानों ने बताया कि रसमलाई का स्वाद भी कुछ अजीब लग रहा था। कई लोगों ने बिना खाए ही फेंक दिया। जबकि, कुछ लोग खाने लगे। रसमलाई खाने के थोड़ी देर बाद पेट में दर्द शुरू हुआ। उसके बाद उल्टियां होने लगी। पहले तो कुछ लोग यह समझ नहीं पाए कि रसमलाई में दिक्कत है। उन्हें लगा कि उनकी ही तबीयत खराब है। लेकिन, करीब 1 घंटे का समय बीतने के बाद रसमलाई खाने वाले सभी लोगों को पेट में दर्द और उल्टियां होने लगी।

पेट दर्द-उल्टियां होनी लगीं,

देखते ही देखते पूरे मैरिज हाल में अफरा-तफरी मच गई। इस बीच, किसी ने बताया कि रसमलाई खाने वाला हर कोई बीमार पड़ रहा है। तत्काल लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना पाते ही पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। बीमार मेहमानों को अस्पताल पहुंचाया गया। फिलहाल, 40 से अधिक मरीजों की तबीयत बिगड़ी है। इसमें कुछ गंभीर बताए जा रहे हैं।

बिना शादी की रस्म किए, दुल्हन लेकर चला गया दूल्हा

शादी के खाने में फूड प्वॉइजनिंग कैसे हुई? इस सवाल के जवाब में फिलहाल डॉक्टर्स का कहना है कि इन मरीजों के खाने में कुछ मिलावटी था। मरीजों का कहना था कि हमने शादी में रसमलाई खाई, इसके बाद ही हमारी तबीयत बिगड़नी शुरू हुई। उधर, पुलिस, स्वास्थ्य विभाग और फूड एंड सेफ्टी डिपार्टमेंट की टीम भी पहुंची। दोनों विभागों की मौजूदगी में पुलिस ने मैरिज हाउस सील कर दिया। वहीं, घटना के बाद वर पक्ष के लोगों ने दुल्हन विदा कराने की इच्छा जाहिर की। तो वधु वक्ष के लोगों ने शादी की रस्में पूरी नहीं करवाई। मांग में सिंदुर भरवाया, मंगलसूत्र पहनाकर लड़की विदा कर दी।

CMO समेत मेडिकल टीम अलर्ट

CMO डॉ. आशुतोष कुमार दुबे ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही जिला अस्पताल और मेडिकल कॉलेज को अलर्ट कर दिया गया। मरीजों को अस्पताल पहुंचाने के लिए 12 एम्बुलेंस गाड़ियां लगाई गईं। जिनकी भी हालत गंभीर हो रही है, उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया जा रहा है।

फूड एंड सेफ्टी डिपार्टमेंट ने जांच को भेजे 6 सैंपल

फूड एंड सेफ्टी विभाग की टीम ने मैरिज हाल से खाने के अलग-अलग 6 सैंपल लिए। मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी उमाशंकर भी मौके पर पहुंचे। टीम ने मैरिज हाल से छेना, रसमलाई, गुलाब जामुन, गोलगप्पे का पानी, चिकन और फिश के नमूने लेकर जांच को लैब भेजे गए। वहीं, SP नार्थ मनोज कुमार अवस्थी ने बताया कि सभी बीमारों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मैरिज हाल सील कर दिया गया है। अगर तहरीर मिलती है तो केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here